झारखण्ड: बेरमो : सीसीएल ढोरी प्रक्षेत्र अंतर्गत ढोरी खास 7-8 इंकलाइन में विभिन्न समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ ने बुधवार को तीन घंटे तक काम बंद रखा। यूनियन के लोगों का कहना था कि माइंस के अंदर सुरक्षा संबंधी कई खामियां है। इनमें माइंस का आधार, पानी का स्प्रे व वेंटिलेशन ठीक से नहीं किया जा रहा है।
मजदूरों को औजार भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। आंदोलनकारी मजदूरों को आठ माह का एरियर पेमेंट स्लीप देने, पीआर मजदूरों का वेतन 10-12 तारीख तक करने की मांग कर रहे थे। लगभग तीन घंटे बाद प्रबंधन व यूनियन नेताओं के बीच वार्ता हुई जिसमें मांगों पर विचार करने के बाद प्रबंधन ने जल्द मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद यूनियन ने आंदोलन वापस ले लिया।वार्ता में प्रबंधन की ओर से पीओ देवराज, मैनेजर एनके मिश्रा, अभियंता एलपी सिंह सहित यूनियन की ओर से रामदेव रवि, भूषण सिंह, युवा दल के बाबू लोहार, धीरन दिगार, रामचंद्र नायक, डॉ पात्रा, जीतेंद्र कुमार, भरत रजवार, सीबी सिंह सहित दर्जनों मजदूर शामिल थे।




