YOU ARE HERE: खेल खेल फेडरर ने 7वीं बार विंबलडन किया फतह

फेडरर ने 7वीं बार विंबलडन किया फतह

E-mail Print PDF

लंदन : टेनिस के बादशाह रोजर फेडरर ने बेहद रोमांचक मुकाबले में आज यहां एंडी र्मे और लाखों ब्रिटिशवासियों का दिल तोड़कर सातवीं बार विंबलडन खिताब जीतने के साथ ही पीट संप्रास और विलियम रेनशा के रिकार्ड की बराबरी की।
स्विट्जरलैंड के तीसरी वरीयता प्राप्त फेडरर ने फाइनल में ब्रिटेन के चौथी वरीय र्मे को 4-6,7-5, 6-3, 6-4 से हराया। यह उनका विंबलडन में सातवां और कुल 17वां ग्रैंडस्लैम खिताब है। ब्रिटेन के रेनशा ने 1881 से 1889 तक जबकि संप्रास ने 1193 से 2000 तक विंबलडन में परचम लहराया।

फेडरर ने यहां अपना पहला खिताब 2005 में जीता था और इसके बाद उन्होंने यहां लगातार पांच खिताब जीतने का रिकार्ड बनाया था। र्मे 1936 के बाद विंबलडन का खिताब जीतने वाले पहले ब्रिटिश खिलाड़ी बनने की कवायद में थे लेकिन फेडरर के अनुभव के सामने उनका इंतजार बढ़ गया।

ब्रिटेन की तरफ से आखिरी बार फ्रेड पैरी ने विंबलडन खिताब जीता था। फेडरर को खिताब जीतने पर 11 लाख 50 हजार पौंड की पुरस्कार राशि मिली जबकि र्मे को पांच लाख 75 हजार पौंड से ही संतोष करना पड़ा।

इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने आठवें गेम तक अपनी सर्विस बचाये रखी लेकिन नौवें गेम में र्मे ने फिर से फेडरर की सर्विस तोड़कर सेंटर कोर्ट पर मौजूद अपने हजारों प्रशंसकों को खुशी में झूमने का मौका दिया।

फेडरर का बैकहैंड नेट पर लग गया था जिससे र्मे को ब्रेक प्वाइंट मिल गया। इस ब्रिटिश खिलाड़ी ने ऐस जमाकर दो सेट प्वाइंट हासिल किये और इनमें से पहले पर ही पहला सेट केवल 57 मिनट में अपने नाम किया। र्मे ने दूसरे सेट की शुरुआत भी जोरदार तरीके से की। उन्होंने फिर से शुरुआती गेम में फेडरर की सर्विस तोड़ी लेकिन स्विस खिलाड़ी ने बदला लेने में देर नहीं लगायी और अगले गेम में ही हिसाब बराबर कर दिया। दोनों खिलाड़ियों में इसके बाद कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों ने एक दूसरे की सर्विस तोड़ने के लिये हर संभव कोशिश की लेकिन आखिर में फेडरर को इसमें सफलता मिली।
तीसरे सेट में भी गजब का मुकाबला देखने को मिला लेकिन असली जंग छठे गेम में दिखी जो लगभग 20 मिनट तक चला। र्मे की सर्विस पर दस ड्यूश देखने को मिले लेकिन आखिर में फेडरर ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करके स्काटिश खिलाड़ी को बेसलाइन पर नचाया और ब्रेक प्वाइंट हासिल करके 4-2 से बढ़त हासिल की।

फेडरर ने इसके बाद अपनी सर्विस बचाये रखी और 49 मिनट तक चला यह सेट अपने नाम किया। र्मे हार मानने के लिये तैयार नहीं थे लेकिन फेडरर ने महत्वपूर्ण मौकों पर अपने अनुभव का फायदा उठाकर अंक बनाये। चौथे सेट में तीखी और लंबी रैलियां देखने को मिली लेकिन फेडरर ने पांचवें गेम में र्मे की गलतियों का फायदा उठाकर ब्रेक प्वाइंट लेकर दर्शकों को सन्न कर दिया।

जब फेडरर के पास दो चैंपियनशिप प्वाइंट थे तब स्टेडियम में र्मे र्मे के नाम की गूंज सुनाई दे रही थी। इस स्काटिश खिलाड़ी ने पहला प्वाइंट बचा दिया लेकिन दूसरी बार वह शाट बाहर मार गये। इस जीत के साथ फेडरर फिर से दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन गये।

 

खास ख़बरें

Badi Khabar

Sunena

Translate this site

English French German Italian Portuguese Russian Spanish