नई दिल्ली: सलमान और कट्रीना की आने वाली फिल्म 'एक था टाइगर' के प्रोमो पर पाकिस्तान में रोक लगा दी गई है। पाकिस्तान का कहना है कि इस फिल्म का प्रोमो आईएसआई की खराब छवि पेश करता है जो कि हम बर्दाश्त नहीं कर सकते। मालूम हो कि यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनीं फिल्म 'एक था टाइगर' 15 अगस्त को दुनिया भर में रिलीज होने वाली है।
इस फिल्म में भारत और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों की कहानी है और सलमान एक जासूस की भूमिका में हैं। चैनलों और केबल ऑपरेटरों को फिल्म का प्रोमो और समीक्षा दिखाने से तब तक बचने को कहा है, जब तक सेंसर बोर्ड उसे पास नहीं कर देता। इस फिल्म में सलमान ने भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ के एजेंट की भूमिका निभाई है, जिसे एक कॉलेज के प्राध्यापक की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पाकिस्तान भेजा जाता है। प्राध्यापक पर मिसाइल प्रौद्योगिकी की गोपनीय जानकारी बेचने का शक है। इससे पहले पाकिस्तान सैफ अली खान की फिल्म एजेंट विनोद पर भी बैन लगा चुका है।




