लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पीए संगमा बुधवार को लखनऊ में भाजपा विधानमंडल दल के विधायकों से मुलाकात करेंगे। भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक डा.राधा मोहन दास अग्रवाल ने बताया कि संगमा अपराह्न दो बजे पटना चले जाएंगे। इससे पहले वे पूर्वाह्न 11 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 12.40 वह विधानसभा के केंद्रीय हाल में विधायकों से मिलेंगे।
वहीं राष्ट्रपति पद के लिए संप्रग के उम्मीदवार प्रणब मुखर्जी अपने प्रचार अभियान के तहत देवभूमि पहुंचे और भगवान बदरी और केदार का आशीर्वाद मांगा। दादा ने कहा कि उन्हें संप्रग के अलावा भी कई अन्य दलों का समर्थन मिल रहा है, लिहाजा वह धन्यवाद देने के लिए आए हैं। देहरादून पहुंचे प्रणब मुखर्जी ने मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और हरिद्वार के सांसद व केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री हरीश रावत के अतिरिक्त राज्य के विधायकों और सांसदों से मुलाकात की। प्रणब पूरे समय बंगाली लहजे की हिंदी में बोले।
दादा ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में बदरीनाथ और केदारनाथ क्षेत्रों के विधायक भी यहां मौजूद हैं और वह इनके माध्यम से बदरी-केदार का आशीर्वाद चाहते हैं।
मुखर्जी ने भरोसा जताया कि चुनाव नजदीक आने तक उन्हें बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस का समर्थन मिलेगा। मुखर्जी ने कहा कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए दलगत राजनीति शोभनीय नहीं है। उनकी उम्मीदवारी को कांग्रेस के साथ अन्य राजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है।


